कुछ इलाज-ए-दिल-ए-बेताब मिरी जाँ हो जाए
आज अगर वस्ल के वा'दे पे ज़रा हाँ हो जाए
हम-नशीं इस को कहा करते हैं सोहबत का असर
तीर आए मिरे सीने में और अरमाँ हो जाए
हक़ ने वो मुसहफ़-ए-रुख़्सार तुझे बख़्शा है
कि जिसे देख के काफ़िर भी मुसलमाँ हो जाए
तर्ज़-ए-नाला सुने अंदाज़-ए-फ़ुग़ाँ को देखे
ग़ैर बैठे मिरी सोहबत में तो इंसाँ हो जाए
हैफ़ ऐ जज़्बा-ए-दिल तुझ से तो ये भी न हुआ
कि मिरी क़ब्र पे वो शोख़ सितम-राँ हो जाए
तेरी आँखें यही करती हैं इशारे ज़ालिम
कोई बे-दिल कोई बिस्मिल कोई बे-जाँ हो जाए
आब ख़ंजर हो नदामत से पसीना क़ातिल
सामने मुझ सा अगर कोई गराँ-जाँ हो जाए
पाँव फैलाए अगर वहशत-ए-ख़ातिर ने यही
मुझे डर है मिरा घर ही न बयाबाँ हो जाए
तेरे बिस्मिल को तमन्ना हो अगर जीने की
जौहर-ए-ख़ंजर-ए-खूँ-ख़्वार रग-ए-जाँ हो जाए
इक जहाँ में तिरा शोहरा है मसीहाई का
कुछ हमारे भी दिल-ए-ज़ार का दरमाँ हो जाए
तुझ को ऐ बख़्त-ए-सियह इस लिए हम लाए थे
कि तू याँ आ के बला-ए-शब-ए-हिज्राँ हो जाए
किस ने देखा है क़यामत को हमारा उन का
फ़ैसला आज ही होना है जो कुछ हाँ हो जाए
आँख साक़ी की जो पलटे तो पलट जाए जहाँ
गर्दिश-ए-साग़र-ए-मय गर्दिश-ए-दौराँ हो जाए
अपना माशूक़ है वो आलम-ए-तस्वीर ऐ 'मेहर'
कि उसे देखे तो 'बहज़ाद' भी हैराँ हो जाए








