रेल में किलकारी

बजरंग बिश्नोईबजरंग बिश्नोई

1 min read · 12.4K reads

रेल की खिड़की से क्या दिखता है

हमें तुम्हें नहीं

जिनकी आँखें मैली हो चुकी हैं

सफ़ेदी पर पीलापन चढ़ आया है

उन्हें नहीं

उस नई माँ के कंधों से चिपके शिशु को

जिसकी आँखों की सफ़ेदी पर

नील लगी है अभी भी

तेज़ी से घूमती है चमकदार काली पुतली

काजल लगी आँखों में

माँ ने उसके माथे के एक कोने पर

काजल का दिठौरा भी लगा रखा है

रेल के धक्कों के बीच

उसकी गर्दन थिर नहीं हो रही है

कदूहर की भरती में

रेल की बासी गंध

शिशु के माथे का दिठौरा सोख रहा है

हिचकोले लेती पैसेंजर ट्रेन

अचानक डिब्बे में गूँजती है

एक किलकारी

शिशु की किलकारी

ट्रेन की वीभत्स फुंकार के

जवाब में आती है

माँ ज़ोर से भींच लेती है उसे

उसका मुँह घुमाती है

अपनी गोद की ओर

शिशु तेज़ी से पलटता है

और खिड़की के बाहर देखते हुए

फिर एक बार किलकारी मारता है

अपने दोनो छोटे-छोटे हाथों को

ऊपर उछालता हुआ

न माँ समझ पाती है

न कसमसाती

उमस भरी

बैठी सवारियाँ

ट्रेन की खचर-खचर-खिच

जारी है

शिशु देखता है

लाल-लाल डूबता सूरज

उसकी ओर उड़े जा रहे पक्षियों के

काले झुंड और पेड़ की फुनगियों पर

बिखरा सुनहरा बुरादा

इस बार उसने अपने नन्हे हाथों का बल

माँ का चेहरा घुमाने में किया

जैसे माँ ने बाहर देखा

उसने फिर ज़ोर से एक किलकारी भरी

और अपना मुँह माँ के सीने में दे दिया

सूर्यास्त के इस नज़ारे पर

रेल में भरी गई किलकारी

सीधे गिरते सूरज तक पहुँची

और सूरज वहीं टँगा रह गया

और शिशु ने जब मुँह घुमाया

मैंने देखा :

उसके माथे पर काजल के

दिठौरे के बीच लाल बिंदी जैसा

सूरज चिपका था

बजरंग बिश्नोई
About the poet

बजरंग बिश्नोई

विलक्षण, किंतु अलक्षित कवि। ‘हरारत में तीसरी नदी’ प्रमुख कविता-संग्रह जन्म : 01/07/1944 | जालौन, उत्तर प्रदेश शिक्षा : एम. ए., कार्यक्षेत्र : उच्च शिक्षा योजना एवं प्रबंधन एवं हस्तनिर्मित काग़ज़ में शोध एवं विकास। रुचि-क्षेत्र : पेंटिंग एवं लेखन (कविता, कहानी…

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like