कहाँ-कहाँ रहा
और कहाँ रह गया हूँ
लगा हुआ दरवाज़े के ऊपर
सलामी में
आँगन की मुंडेर पर
बरसात की सूखती काई-सा
उग आए सूखते सब्ज़े-सा
बुन गया हूँ दालान के
कमरों के कोनों में
महीन पारदर्शी
रेशमी जाले-सा
ठिठुरा चिपका हूँ आले में
पाले के चकत्ते जैसे
अँगूठे भर की सफ़ेद झिल्ली में
दुबका हुआ मकड़ी के जैसा
मैं रह गया हूँ वहाँ
जब ढूँढ़ना तो
हर तरफ़ ढूँढ़ना
बिखरा हुआ हूँ
छूटी हुई साँसों में
धरती ने जो सोख लीं
उनमें भी हूँ अभी
जमुना में जो घुल गईं
उनमें भी हूँ अभी
पारो की साँसों से
आती महक में ढूँढ़ना
शाम के घिर आए धुएँ में ढूँढ़ना
जो अभी भी मंडराता है बस्ती में
मुझे मत ढूँढ़ना मेरी मृत काया में
वहाँ मैं कभी नहीं रहा
जब रहा
उससे बाहर ही रहा
इधर-उधर रहा
कभी बादलों के साथ रहा
कभी पागलों के साथ रहा
जिस-जिसके साथ रहा
जहाँ-जहाँ रहा
वहाँ अभी भी
रह गया हूँ








